बाराबंकी। होली का पर्व करीब आने के साथ ही दूर दराज के शहरों व अन्य प्रदेशों में नौकरी करने वालों में घर लौटने की बेचैनी बढ़ने लगी है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और मुंबई जैसे शहरों में रोजगार की तलाश में गए जिले के हजारों लोग अब रंगों के त्योहार पर गांव-घर लौटने की तैयारी में हैं। ऐसे में रेलवे ने बड़ी राहत देते हुए 01 से 22 मार्च तक 62 होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इनमें करीब 15 ट्रेनें बुढ़वल और बाराबंकी रूट से गुजरेंगी। फिलहाल चार ट्रेनों की समय-सारणी घोषित हो चुकी है, जबकि बाकी ट्रेनों के स्लॉट तय किए जा रहे हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि 05301- मऊ-अम्बाला कैंट साप्ताहिक होली स्पेशल पांच से 26 मार्च तक चलेगी। मऊ जंक्शन से प्रत्येक बृहस्पतिवार को प्रस्थान करने के बाद गोरखपुर, गोंडा होते हुए सुबह 10:37 बजे जिले के बुढ़वल स्टेशन पर ठहराव लेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05302अम्बाला कैंट से शुक्रवार को चलकर दोपहर 3:52 बजे बुढ़वल पहुंचेगी। कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। 05005 व 05006 बढ़नी-अमृतसर होली स्पेशल चार से 25 मार्च तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। बढ़नी से 15:10 बजे प्रस्थान कर बलरामपुर, गोंडा के बाद शाम 6:22 बजे बुढ़वल में रुकेगी।
वापसी में अमृतसर से बृहस्पतिवार को चलकर सुबह 5:02 बजे बुढ़वल पहुंचेगी। इस ट्रेन में 18 कोच लगाए जाएंगे। दो से 4 मार्च तक चलने वाली 08865 व 08866 गोंदिया–छपरा होली स्पेशल के बाराबंकी में ठहराव की मांग भी स्थानीय स्तर पर उठी है।
ओवरलोड ट्रैफिक से स्पेशल ट्रेनें चलाना चुनौती
बाराबंकी-गोरखपुर-छपरा मेन लाइन पहले से ही व्यस्त व ओवरलोड है। सुबह लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों की भीड़ और शाम को लौटने वाली ट्रेनों की वजह से हर आधे घंटे में एक ट्रेन गुजरती है। ऐसे में त्योहार स्पेशल ट्रेनों के लिए अलग समय निकालना रेलवे के लिए चुनौती है। अगले एक सप्ताह में करीब 10 ट्रेनों की घोषणा होनी है।