बछरावां मार्ग जाम कर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बाराबंकी। ड्रेन व साइफन सफाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शनिवार को बछरावां मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब दो घंटे तक मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप रहा।
सिल्ट व मिट्टी से पटी ड्रेन से जलनिकासी नहीं होने से उफनाई पुरियार झील के पानी से आठ सौ बीघा फसल डूबने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। एसडीएम ने सिंचाई विभाग अधिकारी से वार्ता कर रविवार को सफाई शुरू कराने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।
कस्बा हैदरगढ़ से बछरांवा मार्ग के निकट स्थित पुरियार झील से पानी निकासी के लिए हैदरगढ़ ड्रेन की सफाई बारिश से पहले नहीं कराई गई।
बारिश के दौरान ड्रेन से निकासी नहीं होने पर झील उफना रही है। जिससे निकट के गांवों की आठ सौ बीघा फसल पानी में डूब गई है। किसानों का कहना है कि फसल डूबी रहने से नष्ट हो जाएगी।
झील का पानी बारीखेर, मनीपुर, महिमापुर, धरौली, बढई का पुरवा, रघुनाथ गंज, बेलवा, केल्हनुवा, नैनखेरा, लालपुर आदि गांवों की आबादी तक पहुंच रहा है।
तीन दिन पहले ग्रामीणों ने पूर्व विधायक सुंदरलाल दीक्षित की अगुवाई में एसडीएम से शिकायत की थी। शनिवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने मनीपुर के निकट बछरावां मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना पर पहुंचे एसडीएम राहुल यादव ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता से फोन पर बात कर रविवार से ड्रेन व साइफन की सफाई शुरू कराने का आश्वासन दिया।
इस पर ग्रामीण शांत हुए। इस दौरान पूर्व विधायक सुंदरलाल दीक्षित, गनेश बख्श सिंह, अशोक सिंह, अखिलेश आदि मौजूद रहे।