हत्या आरोपी पति को भेजा जेल
हैदरगढ़ (बाराबंकी)। कोतवाली के ईश्वरगंज गांव में पत्नी को जला कर हत्या करने के आरोपी पति को पुलिस ने जेल भेजा है। पांच दिन पहले हुई घटना में मृतका के पिता की शिकायत पर दहेज के लिए हत्या करने की धारा में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी।
कोतवाली के ईश्वरीगंज मजरे रामनगर गांव में बीती दस तारीख की रात को अंजू शुक्ला (27)पत्नी बृजेश तिवारी की संदिग्ध हालात में मौत होने पर पति ने परिवारीजनों के साथ मिलकर अंतिम संस्कार कर दिया था। ग्रामीणों की सूचना पर लखनऊ के गोसाईगंज निवासी मृतका के पिता रमेश चंद्रा ने घटना की शिकायत की थी। पुलिस ने पति बृजेश सहित चार अन्य अज्ञात के विरुद्ध दहेज के लिए जलाकर हत्या करने व साक्ष्य मिटाने के लिए तत्काल दाह संस्कार करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की थी। कोतवाल पीके तिवारी ने कहा कि आरोपी पति बृजेश कुमार शुक्ला को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।