एक साल से ड्यूटी से गायब तीन परिचालक बर्खास्त
बाराबंकी। एक साल से लगातार ड्यूटी से गैर हाजिर रहने के कारण तीन परिचालकों को बर्खास्त कर दिया गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि तीनों रेगुलर परिचालकों को कई बार नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया था। नोटिस का जवाब न मिलने पर परिचालकों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्ति की कार्रवाई की गई है।
बीते वर्ष 2016 में हुई परिचालक पदो पर भर्ती के बाद बाराबंकी डिपो में तीन रेगुलर परिचालकों की तैनाती मिली थी जिसमें मोनिष कुमार मौर्य, मनीष कुमार जायसवाल व आशीष सिंह शामिल थे। तीनों परिचालक तैनाती के बाद से एक दिन भी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे।
इस बीच एक वर्ष तक तीनों को परिवीक्षा में रखकर वेतन निर्गत नहीं किया गया। उसके बाद विभाग से सभी को 16 जून को रजिस्टर्ड डॉक से सूचना भेज ड्यूटी ग्रहण करने का कहा गया। न तो कोई जवाब आया न ही ड्यूटी पर आए। फिर 24 जुलाई को फिर सभी को कारण बताओ नोटिस जारी की गई। किसी के जवाब न मिलने की सूचना आरएम कार्यालय को भेजी गई। आरएम कार्यालय लखनऊ से आदेश मिलने के बाद कर्मचारी सेवा नियमावली के तहत तीनों रेगुलर परिचालकों को बर्खास्त कर दिया गया।