बाराबंकी। समायोजन के बाद दूरस्थ विद्यालय में तैनात 133 शिक्षामित्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से अपने मूल विद्यालय में वापसी की राह देख रहे शिक्षामित्रों का इंतजार अब समाप्त हो गया है। बीएसए नवीन कुमार पाठक ने आधिकारिक आदेश जारी करते हुए इन सभी शिक्षामित्रों को उनके मूल तैनाती वाले स्कूलों में वापस भेजने के निर्देश दे दिए हैं।
शिक्षामित्रों की पारिवारिक परिस्थितियों और आवागमन की समस्याओं को लेकर शिक्षामित्र संगठन लगातार मूल विद्यालय में वापसी की मांग कर रहे थे। इस संबंध में कई बार ज्ञापन भी सौंपे गए थे। बीएसए नवीन कुमार पाठक ने बताया कि शासन के निर्देश के क्रम में प्राप्त आवेदनों की गहनता से जांच की गई।
विसंगतियों को दूर करने के बाद 133 पात्र शिक्षामित्रों की सूची पारदर्शिता के साथ तैयार की गई ताकि किसी भी विद्यालय का शिक्षण कार्य पर प्रभावित न हो। न्याय पंचायत के स्कूल में शिक्षामित्र को तैनात करने का आदेश जारी कर दिया गया है। इससे शिक्षामित्र अधिक मनोयोग के साथ अपने शिक्षण कार्य को पूरा करेंगे। आदेश जारी होते ही शिक्षामित्रों में खुशी का माहौल है।