खाते में पहुंचेगी कीटनाशक अनुदान की रकम
बाराबंकी। अन्नदाताओं को कीटनाशक दवाओं की खरीद के समय अब जेब ढीली करनी होगी। हालांकि बाद में अनुदान की धनराशि उनके खाते में भेज दी जाएगी। जबकि अभी तक कीटनाशक दवाओं की खरीद के समय ही अनुदान की राशि उसमें से घटा दी जाती थी। कीटनाशक दवाओं की कीमत का 50 प्रतिशत व पांच सौ रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान राशि किसानों के खाते में जाएगी। जबकि जैविक कीटनाशक की कीमत का 75 प्रतिशत अनुदान मिलेगा।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. एलएन यादव का कहना है कि, अब किसानों को कीटनाशक लेने के समय पूरा मूल्य अदा करना होगा। अनुदान राशि किसानों के खाते में बाद में भेजी जाएगी। वहीं, कीटनाशक के छिड़काव की मशीनें आईएसआई मार्क की किसान मार्केट से खरीदेंगे। जिस पर अनुदान विभाग द्वारा उनके बैंक खाते में भेजा जाएगा।