हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश की टॉप टेन सूची में शामिल मेधावियों व उनके माता-पिता को 22 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजधानी में सम्मानित करेंगे। लखनऊ के लोकभवन में आयोजित सम्मान समारोह में जिले के चार मेधावी शामिल होंगे। कार्यक्रम की सूचना शासन ने जिला विद्यालय निरीक्षक को दी है। जिसमें मेधावियों व उनके माता-पिता को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने की जिम्मा भी जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा गया है।
लखनऊ स्थित लोकभवन में गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे से होने वाले कार्यक्रम में मेधावियों व उनके माता-पिता के साथ डीआईओएस को साढ़े आठ बजे पहुंचने के निर्देश मिले हैं। सोमवार को शासन का पत्र मिलने के बाद डीआईओएस ने संबंधित कॉलेज के माध्यम से मेधावियों को सूचना भेज दी है। जिले में सीबीएसई व आईसीएसई में प्रदेश में टॉप टेन वाले छात्रों की संख्या शून्य रही। मगर यूपी बोर्ड में हाईस्कूल में पायनियर मांटेसरी इंटर कॉलेज की छात्रा प्रगति सिंह व प्रतिभा इंटर कॉलेज नरैनी देवा की छात्रा अमीना खातून ने प्रदेश में दूसरा तथा श्री सांई इंटर कॉलेज जैदपुर की छात्रा प्रियांशु वर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया था।
वहीं, इंटरमीडिएट में बीआरजी पब्लिक इंटर कॉलेज बरैय्या सूरतगंज की छात्रा मानसी गुप्ता ने प्रदेश में सातवां स्थान लाकर जिले का नाम रोशन किया था। इन मेधावियों व इनके माता-पिता को मुख्यमंत्री योगी गुरुवार को सम्मानित करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक रामशरण सिंह का कहना है कि, मुख्यमंत्री के सम्मान समारोह की जानकारी मेधावियों व उनके परिवारीजनों को दे दी गई है। यूपी बोर्ड के जिले के चारों मेधावियों व उनके माता-पिता को राजधानी लेकर जाने की तैयारी कर ली गई है।