इलेक्ट्रीशियन की नौकरी नहीं मिली, मस्जिद में बिताए दिन
बाराबंकी। दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर दो युवकों से लाखों की ठगी की गई। युवकों का कहना है कि उन्हें इलेक्ट्रीशियन की नौकरी दिलाने की बात कहकर दुबई भेजा गया लेकिन वहां कोई काम नहीं मिला। जिसके बाद करीब 25 दिन तक दोनों एक मस्जिद में रहे और फिर जब परिवारीजनों ने यहां से टिकट भेजा तो वापस घर आए।
पीड़ितों ने विदेश भेजने वाले एजेंट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना रामनगर क्षेत्र के भिठौरा गांव निवासी नईम व मुकीम को दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर नानपारा जिला बहराइच के रहने वाले विश्वास यादव ने करीब डेढ़ लाख की ठगी कर ली।
पीड़ितों का आरोप है कि विश्वास ने पैसे लेने के बाद दुबई का पासपोर्ट व बीजा बनवा दिया और वहां पर इलेक्ट्रिल का काम दिलाने की बात कहकर बीते 8 नवंबर को दोनों को दुबई भेज दिया गया। युवकों का कहना है कि दुबई में चार दिन तो रहने के लिए आवास मिला उसके बाद उन्हें भगा दिया गया।
तब जाकर दोनों ने एक मस्जिद में शरण ली और अपने बीजा के बारे में पता किया तो बताया कि यह टूरिस्ट बीजा है। जिसके बाद करीब 25 दिन तक दोनों युवक मस्जिद में ही रहे और अपने परिवारीजनों को बताया। जिस पर यहां से टिकट कराने के बाद वह भारत लौट सके।
यहां आने के बाद पीड़ितों ने एसपी से मिलकर धोखाधड़ी करने वाले एजेंट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग किया है। सीओ रामनगर उमाशंकर सिंह का कहना है कि मामले की जांच के साथ युवकों से जिसने भी ठगी किया है उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई होगी।