कोठी और भिलवल बनेंगी नगर पंचायत
- शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने शुरू की कवायद
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। नवसृजित बेलहरा नगर पंचायत के गठन के बाद अब जिले में दो और नगर पंचायतों को बनाने की कार्रवाई शुरू हो गई है। अगर नगर पंचायत बनाने के गाइड लाइन पर सब कुछ सही मिला तो जल्द ही जिले में नगर पंचायतों की संख्या में इजाफा हो सकता है। शासन से निर्देश मिलने के बाद दो नई नगर पंचायतों के गठन के लिए प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताते चलें कि अभी तक जिले में एक नगर पालिका व 12 नगर पंचायत हैं। सपा सरकार में फतेहपुर तहसील क्षेत्र के बेलहरा को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के बाद इस वर्ष वहां चुनाव भी हुए हैं। बेलहरा के बाद अब जिले में दो और नगर पंचायत बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है जिसमें हैदरगढ़ तहसील क्षेत्र के कोठी व भिलवल शामिल हैं। इन दोनों क्षेत्रों के आसपास के गांवों को शामिल कर नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन की ओर से कागजी कार्रवाई तेज कर दी गई है।
20 हजार आबादी और आय का स्रोत जरूरी
शासन द्वारा पूर्व की गाइड लाइन के अनुसार नए नगर पंचायत के गठन के लिए कम से कम वहां की 20 हजार की आबादी होनी चाहिए। इसके अलावा वहां पर आय का स्रोत क्या है। सूत्रों की मानें कोठी व भिलवल को नगर पंचायत बनाने में यह दोनों मानक सही उतर रहे हैं।
विधायक हैदरगढ़ ने सीएम को लिखा था पत्र
बेलहरा की तरह कोठी व भिलवल को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने के लिए हैदरगढ़ के विधायक बैजनाथ रावत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कुछ दिन पूर्व पत्र लिखा था। जिसके बाद नगर विकास विभाग की ओर से इस संबंध में एक पत्र प्रशासन को प्राप्त हुआ है। जिसके बाद प्रशासन ने नए नगर पंचायत बनाने की गाइड लाइन को ध्यान में रखते हुए कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुबेहा व महादेवा ब्लॉक अब सपना
सपा सरकार में जिले के दो नए सुबेहा व महादेवा को ब्लॉक बनाए जाने को लेकर शासन से स्वीकृत मिलने के बाद प्रशासन की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। लेकिन सरकार बदलने के बाद वर्तमान समय में यह कार्रवाई ठप हो गई है। बताया जा रहा है कि उक्त दोनों नए ब्लॉकों के गठन को प्रदेश की भाजपा सरकार ने नामंजूर कर दिया है। ऐसे में इन दोनों नए ब्लॉकों के बनने का मात्र सपना भर रहा गया है।
कोठी व भिलवल को नगर पंचायत बनाने संबंधी कागजी कार्रवाई के लिए शासन से पत्र मिला था। कार्यवाही पूरी करने के बाद प्रशासन के उच्चाधिकारियों को इसकी रिपोर्ट भेज दी गई है। - पंकज कुमार सिंह, एसडीएम, हैदरगढ़।
नगर पंचायत गठन के लिए गाइड लाइन के अनुसार 20 हजार की आबादी व तीस हजार रुपये प्रति माह की आय भी होना जरूरी है। आबादी तो सही है, निर्धारित आय है कि नहीं, इसकी रिपोर्ट आने के बाद शासन को इससे अवगत कराया जाएगा। - डॉ.रामप्रकाश, डीएसटीओ