स्टैंडिंग काउंसिल कार एक्सीडेंट में घायल
- रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के कोटवा सडक में ट्रक से टकराई कार
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। फैजाबाद हाईवे पर शनिवार देर शाम प्रदेश सरकार के स्टैंडिंग काउंसिल रमेश पाण्डेय घायल हो गए। उन्हें सीधे केजीएमयू ले जाया गया है। हालांकि सूचना पाते ही डीएम अखिलेश तिवारी जिला अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों की टीम को भी अलर्ट किया। मगर पता चला की उनको सीधे लखनऊ ले जाया जा चुका था। रामसनेहीघाट के एसओ बृजेश तिवारी ने बताया कि पांडेय अपनी कार से फैजाबाद से लखनऊ की ओर जा रहे थे। शाम करीब 8 बजे कोटवा सड़क के पास एक वाहन से उनकी कार जा टकराई। हादसे में पाण्डेय घायल हुए जबकि गनर व चालक सुरक्षित हैं।
भिड़े दो बाइक सवार, एक की मौत
देवा- फतेहपुर मार्ग पर कुतलूपुर के पास दो बाइक सवार आमने-सामने भिड़ गये इनमें एक की मौत हो गयी। शनिवार की देर शाम यह हादसा हुआ। लोगों ने बताया कि यहां पर आमने-सामने दो बाइक सवार भिड़ गए दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया है। इलाज के दौरान एक बाइक पर सवार कंदरौला फतेहपुर के निवासी अनूप कुमार की मौत हो गई जबकि दूसरी बाइक पर सवार गया प्रसाद घायल हुए हैं।गंभीर हालत के कारण गया प्रसाद को केजीएमयू रेफर किया गया है।