बांदा। थाना जसपुरा क्षेत्र की गौरीकलां ग्राम पंचायत के मजरा कुम्हरिया डेरा में मंगलवार तड़के घर के पास बगीचे में आम के पेड़ से युवक का शव रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कुम्हरिया डेरा निवासी मनोज सिंह (35) सिंह अविवाहित था। परिजन ने बताया कि सोमवार रात खाना खाने के बाद वह घर से निकल गया था। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे परिजनों ने घर के पास बगीचे में आम के पेड़ से उसका शव लटका देखा।
पिता भुल्लू सिंह ने बताया कि मनोज शराब पीने का आदी था। शराब पीने के बाद वह लोगों से गाली-गलौज करता था। पिता के अनुसार, मनोज पहले भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। थाना प्रभारी राधाकृष्ण तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। मनोज पांच भाइयों में सबसे छोटा था।