Youth of neighboring village arrested, confessed to crime
- फोटो : BANDA
बांदा। तीन दिन पूर्व नाले में मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के हवाले से पुलिस ने बताया कि पड़ोसी गांव के युवक ने रंजिश के चलते साफी से गला घोटकर हत्या की थी। इसके पहले उसने युवक को शराब पिलाई थी। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन, बाइक तथा फंदा कसने में इस्तेमाल साफी बरामद बताई है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के पारा बिहारी गांव में दो मई को तिमुड़िया नाले में गांव के मोतीलाल का शव मिला था। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया था। गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्रा ने मीडिया को बताया कि हत्याभियुक्त अरविंद कुमार श्रीवास को बिसंडा थाना और एसओजी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी के बयान का हवाला देकर बताया कि अरविंद के पिता बदलेश की वर्ष 2016 में हत्या हो गई थी। इसमें अरविंद के चाचा आरोपी के रूप में जेल में हैं। अरविंद के घर में उसके दादा-दादी हैं।
बताया कि मोतीलाल उन्हें अक्सर मारने की धमकी देकर अभद्रता करता था। एएसपी ने बताया कि आरोपी अरविंद ने स्वीकारा है कि इसी रंजिश और अपनी हत्या के डर से उसने मोतीलाल को शराब पिलाने के बाद गला घोटकर हत्या कर दी और शव नाले में फेंक दिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में बिसंडा थाना इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार पांडेय और एसओजी प्रभारी मयंक चंदेल व उनकी टीम शामिल रही।