बबेरू (बांदा)। मवेशी चराने निकला एक युवक उसरा नाला पार करते समय डूब गया। हादसा अचानक रपटे में पैर फिसलने के कारण हुआ। सूचना पर गांव के लोग व पुलिस पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। देर शाम तक युवक नहीं मिला।
थाना बबेरू क्षेत्र के मझीवा गांव के मजरा मैथु का डेरा निवासी अभय यादव (25) बृहस्पतिवार को दोपहर बाद मवेशी चराने के लिए निकला था। मवेशी चरते हुए स्थानीय उसरा नाला के पार चले गए थे। शाम होने पर अभय जानवरों को वापस लाने के लिए उसरा नाला पार कर रहा था। इस दौरान पैर फिसलने से वह नाले के गहरे पानी में जा गिरा और डूब गया। हादसा देख लोगों ने शोर मचाया और ग्रामीणों को जमा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसडीएम बबेरू अवनीश कुमार व सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक बबेरू संजय कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे और अभय यादव की खोजबीन शुरू कराई। गोताखोरों को बुलाकर पानी में उतारा गया लेकिन देर शाम तक चली खोजबीन के बाद भी अभय का पता नहीं चला। नाला काफी बड़ा है और बरसात के कारण में उसमें काफी पानी भी है और तेज बहाव भी। पुलिस ने एसडीआरएफ से मदद मांगी है। जिससे अभय को खोजा जा सके।