बांदा। केन नदी में नहाने गया युवक तेज बहाव में डूब गया। परिजन ने घाट में रहने वाले एक व्यक्ति पर शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में लाठी से पीटकर पानी में डुबाकर मारने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस आरोप की पुष्टि नहीं कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव ग्योड़ी बाबा निवासी संजय ने बताया कि उसका चचेरा भाई मिथलेश (32) सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे नदी में नहाने गया था। वहां रहने वाले एक युवक से उसका शराब पिलाने को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि उस व्यक्ति ने उसे लाठी से पीटकर पानी में फेंक दिया और उसके पानी से निकलने पर उसको लाठी से फिर पीटा और पानी में डुबा दिया। चचेरे भाई ने लाठी से पीटकर पानी में डुबाकर मारने का आरोप लगाया है। बताया कि मिथलेश की पत्नी का वर्ष 2016 में निधन हो चुका है। एक बेटी एक बेटा है। वह शराब के नशे का आदी था। मजदूरी करता था।
दो भाइयों में छोटा है। बड़ा भाई राकेश वर्ष 2023 से गैर इरादतन हत्या के मामले में जेल में निरुद्ध है। उधर, कोतवाली इंस्पेक्टर बलराम सिंह ने लाठी से पीटने के आरोप को गलत बताया है। बताया कि वह नशे का आदी था, अपनी नानी के साथ नदी में नहाने गया था, वहां गहराई में जाने से बहाव में बह गया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।