बांदा। शराब के नशे में घर आए युवक की पेट दर्द के बाद मौत हो गई। सुबह परिजन उसे देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। उधर, भाई ने जहर खिलाने का आरोप लगाया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव हथौड़ा निवासी राजाराम वर्मा ने बताया कि उसका पुत्र अवधेश वर्मा (35) शुक्रवार की रात शराब के नशे में घर आया था। वह चारपाई में लेट गया। देर रात उसने पेट दर्द होने की बात कही। परिजन ने उसे सुबह होने पर दिखाने के लिए कहा, सुबह जब परिजन सोकर उठे तो उसे चारपाई में मृत अवस्था में पड़ा पाया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव हथौरा निवासी राजू ने बताया कि उनका भाई अवधेश वर्मा जयपुर में मजदूरी करता था। दस साल पहले उसे एक लाख रुपये से भरा हुआ बैग मिला था। रुपयों के बंटवारे को लेकर उसके साथियों ने अवधेश पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन रहा।
आरोप साबित नहीं होने पर न्यायालय ने प्रकरण को सालभर पहले खारिज किया था। आशंका है कि अवधेश को उसके ही साथियों ने नशे में जहर खिला दिया है। इस कारण उसकी मौत हो गई है।
देहात कोतवाली पुलिस ने जानकारी मिलने पर जांच की। पिता ने बताया कि उसके तीन पुत्रियां एक पुत्र हैं। वह नशे का आदी था। देहात कोतवाली प्रभारी संजीव चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया ज्यादा शराब पीने से मौत की आशंका है।