बांदा। यह राम की कर्मभूमि है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज हित के कार्य युवा करें। अभ्युदय कोचिंग से गरीब छात्रों को अपने सपने पूरा करने का अवसर मिलेगा।
यह बात चित्रकूटधाम मंडल मुख्यालय स्थित आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित कार्यशाला में उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के महानिदेशक एल .वेंकटेश्वर लू ने कही।
महानिदेशक ने छात्र-छात्राओं को टिप्स देते हुए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना को व्यापक हित की योजना बताया। कहा कि इस कोचिंग में शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र-छात्राओं में अनुशासन, मेहनत व निष्ठा की भावना पैदा होगी।
शिक्षा के क्षेत्र में व्यावसायिकता आ गई है। इससे गरीब, होनहार छात्रों को आगे बढ़ने में कठिनाई आ रही है, लेकिन कोचिंग से उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। महानिदेशक ने कोचिंग संचालन में मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक के. सत्यनारायणा, जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह के व्यक्तिगत रुचि लेने पर सराहा।
मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि कोचिंग का लाभ मंडल के छात्र-छात्राओं को मिल रहा है। कोचिंग ऐसे लोगों द्वारा संचालित की जा रही जो इस रास्ते से होकर गुजरें हैं।
आईजी के. सत्यनारायणा ने कहा कि इसके माध्यम से होनहार विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। डीएम आनंद कुमार सिंह ने कहा छात्र-छात्राएं अपना लक्ष्य तय करें और उसी के अनुरूप तैयारी करें। पढ़ने के साथ-साथ लिखकर भी अभ्यास करें जिससे भाषा पर नियंत्रण हो सके।
कोचिंग में 1000 छात्र-छात्राओं का पंजीयन
कमासिन बीडीओ अमरनाथ पांडेय ने बताया कि कोचिंग में 1000 छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया है। उन्हें ऑफलाइन कोचिंग दी जा रही है। छात्र अखिलेश सिंह, छात्रा दीपिका सिंह, प्रवक्ता माया वर्मा, सहायक आयुक्त वाणिज्य कर सत्यव्रत उपाध्याय ने भी कार्यशाला में विचार रखे।
कार्यशाला का उद्घाटन एल. वेकटेश्वर लू ने किया। आर्यकन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मंडलायुक्त और आईजी ने महानिदेशक को स्मृति चिन्ह प्रदान किया।
ये रहे मौजूद---
अपर आयुक्त प्रशासन चंद्रशेखर, संयुक्त विकास आयुक्त रमेशचंद्र पांडेय, सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा, अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. आरबी गौतम, उप निदेशक पंचायती राज दिनेश सिंह, उप निदेशक सूचना भूपेंद्र सिंह यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद सिंह, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी हरिश्चंद्र नाथ, प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश पांडेय आदि।
कार्यशाला में उपस्थित अधिकारी, टीचर और छात्र-छात्राएं।- फोटो : BANDA