बांदा। बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए प्रयासरत अतर्रा थाना पुलिस ने शुक्रवार को कस्बे के एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से पुलिस ने चोरी की हुई दो बाइकों के पार्ट्स बरामद किए।
अतर्रा कस्बा निवासी राधेश्याम की बाइक 30 जून को चोरी हो गई थी। जिसकी प्राथमिकी उन्होंने थाने में दर्ज कराई थी। जांच कर रही पुलिस को शुक्रवार को पता चला कि अतर्रा के संजय नगर निवासी सौरभ ने यह चोरी की है। प्रमाण मिलते ही पुलिस ने सौरभ को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने बताया कि बाइक उसने चोरी की थी और उसे खोलकर अलग-अलग कर दिया है। पुलिस जब उसके बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां पर दो बाइकों के पार्ट्स बरामद हुए।
इसमें एक बाइक राधेश्याम की थी जबकि दूसरी के बारे में पुलिस जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक अतर्रा राकेश तिवारी ने बताया कि सौरभ किन-किन लोगों के जरिये बाइकों को बिक्री करता था, इसकी जानकारी हासिल की जा रही है। पुलिस ने मौके से एक अधखुली बाइक व उसके पार्ट्स, एक अन्य बाइक के पार्ट्स व बाइक खोलने के लिए लगने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।