आकाशीय गाज से मृत बच्चों के शोकग्रस्त परिजन।
- फोटो : BANDA
अतर्रा (बांदा)। थाना क्षेत्र के तेरा-ब गांव में बारिश के दौरान खेत में मवेशी चराते समय शनिवार की दोपहर बिजली गिरने से दो बालकों समेत एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे झुलस गए। झुलसे दोनों बालकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अतर्रा में भर्ती कराया गया है। एक साथ तीन मौतों से पूरे गांव में शोक की लहर छा गई।
तेरा-ब गांव के विनोद (8) पुत्र बाबू, शिवपूजन (19) पुत्र रामनारायण, कमलेश (12) पुत्र रामभरोसी गांव के अखिलेश और आशीष के साथ दोपहर 12 बजे खेत में मवेशी चरा रहे थे। इस दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने को विनोद, शिवपूजन और कमलेश एक पेड़ के नीचे, जबकि अखिलेश व आशीष दूसरे पेड़ के नीचे खड़े हो गए।
इस दौरान पेड़ पर बिजली गिरने से विनोद, शिवपूजन और कमलेश की मौके पर मौत हो गई, जबकि अखिलेश और आशीष झुलस गए। मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण सभी को सीएचसी लाए, जहां डाक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। मरने वाले दोनों बालकों और युवक के पिता भूमिहीन मजदूर हैं। अतर्रा थाना इंस्पेक्टर दीपक पांडेय गांव पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।