बांदा। किसी युवक से बात करते-करते युवती रोने लगी। इसके बाद उसने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर प्रेम प्रसंग के बिंदु पर जांच शुरू की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी हरदौली निवासी सौरभ ने बताया कि उसकी फुफेरी बहन अंजलि पाल (20) ने रात करीब आठ बजे कमरे की कुंडी बंद कर अपनी मां श्यामकली की साड़ी से पंखे के छल्ले से फंदा लगा लिया। छोटे भाई-बहन ने देखा तो पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर आई पुलिस ने दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला।
छोटी बहन ने पुलिस को बताया कि अंजलि फोन पर किसी से बात कर रही थी। बात करते-करते रोने लगी। उसके बाद दरवाजा बंद कर लिया था। पुलिस ने अंजलि का मोबाइल फोन अपने कब्जे में लिया है। पिता अशोक पाल का काफी पहले निधन हो चुका है। मां श्यामकली मजदूरी करके अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं। दो बहन, दो भाइयों में वह सबसे बड़ी थी।
शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि प्रेम प्रसंग का मामला लग रहा है। मृतका के मोबाइल की जांच की जा रही है। कॉल डिटेल निकाली जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।