बांदा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही युवती ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। कुछ देर बाद भाई उसके कमरे में गया तो उसे फंदे से लटका पाया। परिजन ने बताया कि वह रेलवे की तैयारी कर रही थी, परीक्षा में चयनित न होने से वह डिप्रेशन में थी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव कनवारा निवासी शिवसागर बाजपेयी ने बताया कि उसकी पारिवारिक बहन दिशा (22) ने बृहस्पतिवार शाम आत्महत्या कर ली। इसका शव शाम करीब सात बजे घर के कमरे में पंखे पर दुपट्टे से लटका मिला। कुछ देर बाद उसका भाई गोपाल कमरे में गया तो उसे फंदे से लटका पाया।
शिवसागर ने बताया कि दिशा रेलवे भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पढ़ाई में होशियार थी लेकिन उसका चयन नहीं हो पा रहा था, इससे वह डिप्रेशन में थी। वह शहर के जरैली कोठी मोहल्ले में किराए का कमरा लेकर तैयारी कर रही थी। वह दो भाइयों में इकलौती बहन थी। पिता रामदास पाठक खेती किसानी करते हैं।
शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि युवती ने निराशा में खुदकुशी की है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।