बांदा। जोश और जश्न के साथ युवाओं ने नए साल की अगवानी की। कड़ाके की ठंड में भी लाउडस्पीकर पर फिल्मी गीतों की धुन में थिरकते युवाओं ने जमकर पसीना बहाया। मौज-मस्ती की धूम रही। रात 12 बजते ही ‘वेलकम-2020’ पर आतिशबाजी के धमाकों ने नींद उड़ा दी। हालांकि पुलिस भी चौकन्ना रही।
शहर के कई इलाकों में नए वर्ष के स्वागत की व्यवस्थाएं की गईं थीं। आधी रात होते ही युवाओं की मौज-मस्ती और परवान चढ़ गई। होटलों में जश्न का माहौल रहा। ढाबों में भी दावतों के दौर चले। केक भी काटे गए। नए वर्ष की अगवानी पटाखों के धमाकों से जगह-जगह हुई। मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर, एसएमएस और काल करके बधाई देने की होड़ शुरू हो गई। यह सिलसिला पहली जनवरी की देर रात तक जारी रहा। हालांकि जोश में होश खोने वाले युवकों पर पुलिस की सख्त नजरें रहीं। स्टेशन रोड और स्वराज कालोनी में जश्न के दौरान हुड़दंग पर कई युवकों को पुलिस ने समझा-बुझाकर घर भेज दिया।
उधर, जन शिक्षण संस्थान में बुधवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। मेहंदी, फैशन शो और डांस प्रतियोगिताएं हुईं। फिल्मी गीतों पर कई युवतियां थिरकतीं रहीं। केक भी काटा गया। निदेशक अरुण कुमार सहित सौम्य खरे, संतोष पांडेय, सीता तिवारी, राधिका, शिखा, मोना, पूनम, रश्मी आदि मौजूद रहे। अन्य स्थानों पर भी विभिन्न कार्यक्रम हुए।
मंदिरों में पूजा से की नए साल की शुरुआत
बांदा। मंदिरों में भी नए वर्ष पर खूब भीड़ रही। बड़ी संख्या में युवा और बुजुर्ग महिला-पुरुषों ने नए साल के पहले दिन की शुरूआत मंदिरों में पूजा-पाठ से की। शहर के प्रमुख मंदिर बांबेश्वर मंदिर, महेश्वरी देवी, संकट मोचन, काली देवी, सिंहवाहिनी, चौसठ जोगिनी आदि मंदिरों में देर रात तक भीड़ रही।