बांदा। पिता से 1500 रुपये लेकर बाहर जाकर कमाने की बात कहकर निकले युवक ने जहर खा लिया। परिजन उसे लेकर बबेरू सीएचसी पहुंचे, वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। परिजनों का कहना है कि होमगार्ड भर्ती में दो अंक से मात खाने से उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
मरका थाना क्षेत्र के गुजेनी गांव निवासी गनेश यादव ने बताया कि उसके बड़े भाई प्रीतम यादव (25) ने शुक्रवार की दोपहर मुरहा मोड़ पर जहर खा लिया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उसे सीएचसी बबेरू पहुंचाया। उनके घरवालों को सूचना दी। परिजन पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। भाई ने बताया कि वह वर्ष 2017 से सेना की तैयारी कर रहा था।
हाल ही में उसने होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए भी आवेदन किया था, लेकिन चयन सूची में दो अंक कम आने से परेशान हो गया था। शुक्रवार को दोपहर उसने अपने पिता सत्यनारायण यादव ने 1500 रुपये लिए और कहा कि वह बाहर कमाने जा रहा है। रास्ते में उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। प्रीतम चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। बबेरू कोतवाल संजय द्विवेदी ने बताया कि बबेरू सीएचसी में भर्ती कराया था। मौत की सूचना उन्हें नहीं मिली है। परिजन ने शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया है।