चित्रकूटधाम मंडल में भले ही दो दिन से बारिश थमी हो, पर यमुना का जल स्तर 10 सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है। जबकि केन स्थिर है। पिछले 24 घंटे में केन 95.93 मीटर पर टिकी है। वहीं यमुना नदी 3.82 मीटर बढ़ गई है। अब खतरे के निशान से सिर्फ 4.18 मीटर नीचे है। उधर, मौसम साफ होने से तापमान ने दो डिग्री की छलांग लगाई है।
मंडल के चारों जिलों में सोमवार व मंगलवार का दिन सूखा रहा। सुबह से ही कड़ी धूप रही। मौसम में 50 से 60 फीसदी आद्रता ने उमस बढ़ा दी। 4.5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही हवा भी गर्मी के आगे बेसर रही। उधर, उत्तराखंड की बारिश ने यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा दिया है।
सोमवार को शाम तीन बजे तक यह 92 मीटर पर थी। 24 घंटे बाद मंगलवार को शाम 3 बजे यह 95.82 मीटर पहुंच गई। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक यह 10 सेंटीमीटर की गति से बढ़ रही है। खतरे के निशान से यह अभी 4.18 मीटर नीचे है। यदि इसी रफ्तार से जलस्तर बढ़ा तो जल्द यमुना खतरा के निशान पार पहुंच जाएगी। जबकि केन कल से 95.93 मीटर पर ही स्थिर है।