कटाई कर वापस लौट रहे मजदूरों से भरा लोडर साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में पलट गया। हादसे में दर्जन से ज्यादा मजदूर घायल हो गए। एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया। यहां से गंभीर रूप से घायल चार महिलाओं समेत 6 को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के पचोखर गांव से करीब दर्जन भर मजदूर पपरेंदा (पैलानी) फसल काटने गए थे। यहां आत्माराम यादव व महेंद्र सिंह यादव के यहां फसल कटाई पूरी होने पर लोडर से बुधवार को दोपहर घर लौट रहे थे। अतर्रा कस्बे के पहले पेट्रोलपंप के पास सामने आए साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में चालक संतुलन खो बैठा और लोडर सड़क किनारे खड्ढ में पलट गया। चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी।
हादसे में ललिता (40)पत्नी राममिलन, बदनिया (50) पत्नी मल्लू, कृष्णा (50) पत्नी भूरा, प्रेमा (30) पत्नी शिवशंकर, सुखलाल (50) व उसकी पत्नी कमला (45) और पुत्र कामता (30), मीरा (30), व बबली (50) पत्नी सियाशरण समेत दर्जन भर लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। इनमें से आधा दर्जन घायलों को नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।