करतल। पुरानी नोट जमा करने के बाद माह भर से कैश के लिए दौड़ रहीं महिलाओं ने बैंक में ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गईं। मैनेजर पर चहेतों को कैश बांटने का आरोप लगाया।
मध्य प्रदेश की सीमा से सटे नहरी गांव स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक में शनिवार को कैश के लिए परेशान महिलाओं ने दोपहर में बैंक के चैनल में ताला जड़ दिया और बाहर में धरने पर बैठ गईं। करीब दो घंटे तक बैंक मैनेजर व कर्मचारियों समेत ड्यूटी पर तैनात सिपाही और तमाम खाताधारक कैद रहे। रानी (नेढ़ुवा), लक्ष्मी व लीला, उर्मिला (रामपुर), राजकुमारी (गोपरा), सदाप्यारी (बंजारा), शीला (चंदपुरा) व प्रेमा (पुकारी) आदि ने बताया कि एक माह से बैंक में दौड़ रही हैं, लेकिन कैश नहीं मिल रहा। बैंक मैनेजर दलालों के हाथों धनाढ्यों के घर कैश पहुंचा रहे हैं। जबकि कैश न मिलने से वह जुताई, बुवाई नहीं करा पा रहीं। सब्जी, मसाला तक को मोहताज हैं। उधर, शाखा प्रंबधक आरपी गुप्ता की सूचना पर पुलिस ने समझा-बुझाकर धरना खत्म कराया। मैनेजर का कहना है कि थोड़ा कैश मिलता है। उसी में सभी को थोड़ा-थोड़ा बांटते हैं।