तिंदवारी। डीएपी न मिलने से आक्रोशित महिला किसानों ने बुधवार को शाम बांदा-फतेहपुर मार्ग पर जाम लगा दिया और नारेबाजी की। थानाध्यक्ष के समझाने के बाद जाम हटाया।
कस्बा में संचालित समितियों में मंगलवार को खाद बांटी गई और बुधवार को खाद नहीं मिली। इससे किसान आक्रोशित हो गए। महिलाओं ने कहा कि एक सप्ताह से वे घर का काम का छोड़कर खाद के लिए तिंदवारी कस्बे आती हैं। सुबह से शाम तक खाद का इंतजार करती हैं, लेकिन उन्हें खाद मुहैया नहीं हो पाती। महिला किसानों ने कहा कि उन्हें कम से कम एक-एक बोरी खाद उपलब्ध करा दी जाए। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत ने महिलाओं को समझाबुझकर सड़क से जाम हटवाया। करीब एक घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। (संवाद)