भारतीय नारी के पास परिवार चलाने का जो मैनेजमेंट है, वह किसी के पास नहीं है। व्हाट्सऐप और फेसबुक आदि की दुनिया से बाहर निकलकर अपने मन की बात अभिभावकों और दोस्तों से साझा करें। हमें परिवार को संस्कार देना है। सुंदरता सजावट से नहीं, बल्कि गुणों और संस्कारों से आती है। ‘अमर उजाला’ महिला सशक्तिकरण की जो भूमिका निभा रहा है, वह बेहद काबिले तारीफ है।
यह बात वरिष्ठ महिला चिकित्सक और चिराग फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. शबाना रफीक (एमडी) ने शनिवार को शाम अमर उजाला अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स के कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित करते हुए कही। राष्ट्रपति से सम्मानित और आर्य कन्या इंटर कालेज की प्रबंधक शमीम बानो ने कहा कि महिला हमेशा अपराजिता रही और रहेगी, बशर्ते वह अपनी शक्ति का अहसास करें।
हम गांव-गांव जाकर गरीब महिलाओं को चिह्नित कर अमर उजाला के सहयोग से सरकारी योजनाओं का लाभ और उन्हें निडर बनाएंगी। शहर पुलिस की एंटी रोमियो स्क्वॉड और आपरेशन मुस्कान प्रभारी सब इंसपेक्टर शालिनी भदौरिया ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए शासन और पुलिस कई योजनाएं चला रहा है। महिलाओं को इसका सही सदुपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपराजिता के लिए आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। कोई परेशान करे तो चुप न रहें। पुलिस से शिकायत करें।
एसीडी स्टूडियो की निदेशक रश्मी गुप्ता निशा ने कहा कि अमर उजाला की अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स मुहिम से महिलाओं और छात्राओं को नई शक्ति मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन कर रहीं प्रभुता फाउंडेशन की रजनी गुप्ता और परामर्श केंद्र की सदस्य और आकांक्षा समिति सचिव सीमा सिंह ने महिलाओं को सुरक्षा और सहूलियत के तमाम अधिकार मिले हुए हैं। वह अपराजिता ही हैं। बशर्ते उसका दुरुपयोग न हो। अपराजिता कार्यक्रम में श्रेया आकर्ष इंस्टीट्यूट की निदेशक रानी दमेले अंजू, सोनाली अग्रवाल, रश्मी अग्रवाल, कांस्टेबल सौम्या सोनी, रानी गुप्ता, ज्ञान अग्रवाल, नीना अग्रवाल, सुषमा, संध्या, छात्रा अंकिता सोनी, बबिता, कांस्टेबल प्रियंका, कांस्टेबल शाहिदा कौसर, रूपल, छात्रा शिल्पी सोनी, बीना गुप्ता सहित आरटीआई कार्यकर्ता कुलदीप शुक्ला आदि उपस्थित रहे। एसीडी स्टूडियो निदेशक रश्मी गुप्ता ने आभार जताया। कार्यक्रम की शुरुआत बालिकाओं द्वारा गणेश वंदना से हुई। कार्यक्रम में महिलाओं ने शपथपत्र भी भरे। इसमें खुद और परिवार के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता से काम करने की शपथ ली गई।
अपराजिता गीत के साथ डांस
बांदा। अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम में दो बालिकाओं कुमारी आर्या और कुमारी आकृति ने अपराजिता पर आधारित गीत के साथ डांस किया। यह काफी आकर्षक रहा। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने तालियां बजाकर शाबासी दी। ब्यूरो