बांदा। मोबाइल पर पति से बात करने के दौरान हुए झगड़े से क्षुब्ध महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। देर शाम उसकी सास खेत से मवेशी चराकर लौटी तो घटना की जानकारी हुई।
पैलानी थाना क्षेत्र के गड़ौला गांव निवासी विजय बहादुर ने बताया कि उसके छोटे भाई की पत्नी सुधा (25) ने बुधवार को दोपहर करीब तीन बजे अपने घर के कमरे में छप्पर की धन्नी से दुपट्टे से फंदा लगा लिया। शाम साढ़े छह बजे जब सास कैलशिया खेत से मवेशी चराकर लौटीं तो उन्होंने देखा तो सुधा फंदे से लटक रही थी। जेठ ने बताया कि सुधा का पति विजय करन साल भर से सूरत में है। सुधा भी उसके साथ थी, लेकिन चैत्र के महीने में फसल कटाई के लिए वह गांव आ गई थी।
उसे मंगलवार को पड़ोसियों के साथ सूरत जाना था, लेकिन पड़ोसियों के सूरत न जाने की दशा में वह नहीं जा सकी। इसी बात को लेकर बुधवार को दोपहर उसकी फोन पर पति से कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर उसने अपना मोबाइल भी तोड़ दिया था। इसी के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। उनके कोई संतान नहीं है। सोमवार को सुधा से मिलने उसका भाई छंगा भी आया था। पैलानी थाना इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि पति-पत्नी का आपसी विवाद हुआ है। इसी के चलते उसने खुदकुशी की है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।