फसल कटाई के लिए सूरत से गांव आई थी पत्नी
परिजनों के मुताबिक, गड़ौला गांव निवासी विजय करन पिछले करीब एक साल से गुजरात के सूरत में रहकर काम करता है। उसकी 25 वर्षीय पत्नी सुधा भी उसके साथ सूरत में ही रहती थी। मार्च-अप्रैल में गांवों में होने वाली फसल कटाई के काम को देखते हुए सुधा कुछ समय पहले ही अपने गांव आई थी।
सूरत वापस जाने को लेकर हुआ था विवाद
जेठ विजय बहादुर ने बताया कि सुधा को मंगलवार को अपने कुछ पड़ोसियों के साथ वापस सूरत जाना था। लेकिन ऐन वक्त पर पड़ोसियों का सूरत जाने का प्रोग्राम रद्द हो गया, जिसके चलते सुधा भी नहीं जा सकी। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे इसी बात को लेकर सुधा की फोन पर अपने पति विजय करन से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि सुधा ने गुस्से में आकर अपना फोन जमीन पर पटक कर तोड़ दिया और कमरे के भीतर चली गई।
सास जब मवेशी चराकर लौटी, तो उड़ गए होश
दोपहर में गुस्से में कमरे के अंदर गई सुधा ने छप्पर की धन्नी से दुपट्टे का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। शाम करीब साढ़े छह बजे जब सुधा की सास कैलशिया खेत से अपने मवेशी (पशु) चराकर घर वापस लौटीं, तो कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सुधा का शव फंदे से लटक रहा था। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतका की कोई संतान नहीं थी और सोमवार को ही उसका भाई छंगा उससे मिलने गांव आया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पैलानी थाना इंस्पेक्टर राममोहन राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया। इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है, जिससे आहत होकर महिला ने खुदकुशी की है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।