बांदा। वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार महिला की गिरकर मौत हो गई। हादसे में दंपती भी घायल हो गए। भतीजे के मुताबिक महिला अपना इलाज कराने तिंदवारी क्षेत्र जा रहीं थी।
फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र के लदिगवां गांव निवासी प्रदीप ने बताया कि उसकी रिश्ते की दादी लीलावती (61) रविवार दोपहर भतीजे जगतपाल (25) व उसकी पत्नी रोशनी (20) के साथ बाइक से तिंदवारी थाना क्षेत्र के छापर गांव में पेट की गांठ और पथरी का जड़ी बूटी से इलाज कराने जा रही थीं। तिंदवारी थाना क्षेत्र के बेंदा पुल पर वाहन उनकी बाइक से टकरा गया। तीनों लोग गिर गए। हादसे में लीलावती की मौत हो गई। जबकि दंपती गंभीर रूप घायल हो गए। दोनों घायलों को कानपुर के लिए रेफर किया गया है। तिंदवारी थाना इंस्पेक्टर दीपेंद्र सिंह ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है।