तिंदवारी/अतर्रा। भीषण गर्मी में ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। दिन हो श्स रात, घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। बिजली न आने से लोग गर्मी के कारण बीमार पड़ रहे हैं।
इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। एक ओर गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को परेशान किए हैं, तो दूसरी ओर बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। तिंदवारी सहयोगी के अनुसार क्षेत्र में हर जगह बिजली की आंख मिचौली जारी है। ग्रामीण इलाकों में आठ से दस घंटों तक की कटौती की जा रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत रात के समय होती है। बिजली न होने से लोगों को मच्छरों के प्रकोप का सामना करना पड़ता है।
अतर्रा कस्बे में भी अघोषित विद्युत कटौती से जनमानस परेशान है। कस्बे में रोजाना आठ से दस घंटों की कटौती की जा रही है। लोगों का कहना है कि शासन के निर्देशों का विभाग पर कोई असर नहीं है। अघोषित कटौती से महिलाएं, बच्चों व बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है।