नरैनी/बांदा। आर्थिक तंगहाली से जूझ रहे परिवार के मुखिया द्वारा जहर खाकर आत्महत्या कर लेने के करीब एक माह बाद ही क्षुब्ध पत्नी ने तीन मासूम बच्चों के साथ जहर खा लिया। उन्हें जिला अस्पताल ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
घटना बुधवार को शाम की है। कोतवाली क्षेत्र के मोतियारी गांव में मजदूर पेशा लवकुश (32) ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। तब से उसकी पत्नी सुषमा (28) भी काफी परेशान और क्षुब्ध थी।
बुधवार को शाम सुषमा ने खुद जहर खाया और अपने तीन मासूम बच्चों पुत्री लक्ष्मी (5), देवकी (3) और पुत्र दुर्गा (8 माह) को दूध में जहरीला पदार्थ घोलकर पिला दिया। कुछ ही देर बाद तीनों की हालत बिगड़ गई। घर के अन्य सदस्य उन्हें तत्काल यहां जिला अस्पताल लाए। देर शाम तक उनका इलाज चल रहा था।
उधर, घरेलू कलह से तंग आकर शहर कोतवाली क्षेत्र के अलीगंज मोहल्ले की युवती बुधवार को शाम खुदकुशी के इरादे से केन नदी पुल पहुंच गई।
इसी बीच वहां से गुजर रहे लोगों ने देख लिया और उसका इरादा भांप लिया। तत्काल पुलिस को सूचना दी। यूपी-112 उसे अलीगंज चौकी लिवा लाई। परिजन भी आ गए। समझा-बुझाकर उसे परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।