बेंदाघाट। कुरसेजाधाम में रामकथा के सातवें दिन मानस
वक्ता विजय कौशल महराज ने सुंदर कांड प्रसंग सुनाते हुए भक्त हनुमान कथा का
वर्णन किया।
शनिवार को मानस वक्ता ने कहा कि सीता की खोज में
हनुमान ने समुद्र पार कर रावण की सोने की लंका जलाकर राख कर दी। रास्ते में
सुरसा नामक राक्षसी भी उन्हें नहीं रोक पाई।
समुद्र लांघते समय
मैनाक पर्वत ने पानी से ऊपर आकर हनुमान से विश्राम करने विनती की। लेकिन
हनुमान ने कहा कि सीता की खोज के बिना वह विश्राम नहीं कर सकते।
लंका
में प्रवेश करते समय लंकनी नामक राक्षसी को उन्होंने घूंसा मारकर बेहोश कर
दिया। इस पर लंकनी को अपने पूर्व जन्म की याद आ गई। जिसमें उसे श्राप दिया
गया था कि भगवान राम के दूत द्वारा घूंसा मारने से उसे राक्षसी योनि से
मुक्ति मिलेगी।
हनुमान से मिलकर विभीषण को भी श्रीराम से मिलने का
पूरा भरोसा हो गया था। अशोक वाटिका में सीता से हनुमान की भेंट का प्रसंग
भक्ति भाव से सराबोर रहा।
आईटीबीपी आईजी राजाबाबू सिंह ने बताया कि
रविवार को कथा सुबह 10 से 12:30 बजे तक होगी। इसके बाद रामलीला व मुफ्त
मेडिकल शिविर लगेगा। इसमें त्वचा व हृदय रोगों का इलाज किया जाएगा।
29
फरवरी को भंडारा होगा। कुरसेजाधाम मंहत परमेश्वर दास, मंडलायुक्त एल
वेंकटेश्वर लू, डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी, विधायक डा.गोविंद सिंह (लखनऊ),
सत्यपाल सिंह जादौन (भिंड), एसपी सतना मिथलेश शुक्ला, न्यायाधीश डीके सिंह,
डीआईजी देवदत्त सिंह, शिवगोपाल सिंह, डा.देव सिंह, राजेंद्र सिंह चौहान,
दीपक सिंह गौर, कमलेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।