बांदा। कृषि विश्वविद्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाई गई। कृषि ज्ञान विषय पर प्रश्नोत्तरी परीक्षा कराई गई। साथ ही बदलते जलवायु परिवेश में कृषि विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता एवं कृषक गोष्ठी भी हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विवि के प्रसार निदेशक डॉ. एन के बाजपेई ने विकसित भारत अभियान एवं देश की पांच ट्रिलियन अर्थव्यवस्था के दृष्टिगत किसानों के योगदान एवं कृषि विकास में वैज्ञानिकों की भूमिका पर विचार व्यक्त किए। ट्रेनिंग व प्लेसमेंट निदेशक डॉ. बीपी मिश्रा ने कृषि क्षेत्र में विश्वविद्यालय के कार्य एवं चल रहे शोध व प्रशिक्षण की जानकारी देते हुए किसानों से इनका लाभ लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. जीएस पवार ने चौधरी चरण सिंह के जीवनवृत्त पर चर्चा की। कार्यक्रम संयोजक डॉ. दिनेश शाह के निर्देशन में प्रश्नोत्तरी एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मोहम्मद लेख खान, दिवाकर यादव, हर्षित पटेल, संदीप कुमार, रवि सिंह, गौरव, अंशुल प्रताप, संगम तिवारी, नितिन कुमार एवं स्वरूप उपाध्याय तथा पोस्टर प्रतियोगिता में उज्जवल शर्मा, प्रदीप शुक्ला, इंशात कुमार, अभय, प्रभात यादव व प्रियांशी को बेहतर प्रदर्शन करने पर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान डॉ. देव कुमार, डॉ. अरुण कुमार भी मौजूद रहे।