निबंध प्रतियोगिता के विजेता शिवम को सम्मानित करते पुलिस महानिरीक्षक राजाबाबू सिंह।
- फोटो : BANDA
बांदा। प्रतियोगिताओं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रतिभागियों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। रविवार की शाम कृपाल सिंह विधि महाविद्यालय में आयोजित समारोह में उन्हें प्रशस्ति और सम्मान पत्र सौंपे गए। जनपद न्यायाधीश राधेश्याम यादव और बांदा जनपद के बाशिंदे तथा ग्वालियर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राजाबाबू सिंह ने सम्मानित किया।
मई में इसी महाविद्यालय में- 21वीं सदी में विधि शिक्षा का महत्व विषय पर निबंध प्रतियोगिता हुई थी। अतर्रा निवासी शिवम द्विवेदी पुत्र मृत्युंजय द्विवेदी ने पूरे जिले में इसमें दूसरा स्थान हासिल किया। पुलिस महानिरीक्षक और जिला जज ने शिवम को शाबासी दी और प्रशस्ति पत्र, शील्ड तथा नकद पुरस्कार राशि सौंपी।
पूर्व में भी शिवम कई प्रतियोगिताओं में विजेता बन चुका है। इसी तरह आरटीआई कार्यकर्ता व समाजसेवी कुलदीप शुक्ला को जनपद न्यायाधीश ने सम्मान पत्र सौंपा। शुक्ल के द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों को विधि महाविद्यालय में सराहते हुए सम्मानित किया। कुलदीप पूर्व में भी कई सम्मानों से नवाजे जा चुके हैं।
इस समारोह में कई न्यायिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। अध्यक्षता अधिवक्ता संघ पूर्व अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी जीतू और संचालन रोहन सिन्हा ने किया। पूर्व चेयरमैन राजकुमार राज, स्वदेश शिवहरे, मनोज जैन, अमित सेठ भोलू, प्रशांत शर्मा, संजय ओमर, अनिल शिवहरे आदि उपस्थित रहे। महाविद्यालय सचिव यश शिवहरे ने बताया कि महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी हुआ।