बांदा। शहर मेें बढ़ते अपराध ने पुलिस की नींद उड़ा
दी है। चोरी की बढ़ती घटनाओं से हो रही किरकिरी पर कोतवाली की कमान संभालने
वाले प्रभारी निरीक्षक जनमेजय सचान ने 20 सूत्रीय कार्यक्रम लागू किया है।
रविवार को कोतवाली में चौकी इंचार्ज व उपनिरीक्षकों के साथ बैठक
के दौरान जारी 20 निर्देशों में कहा कि पुलिसकर्मी हर समय अपने साथ कागज,
पेन और बीट बुक साथ रखेंगे।
शहर में 10 रूटों को चिह्नित कर यहां
रात-दिन गश्त होगी। बैंक, डाकघर, पेट्रोल पंप, फाइनेंस कंपनी, सर्राफा
दुकान, रोडवेज, रेलवे स्टेशन आदि के आसपास के दो व्यक्तियों के नाम और
मोबाइल नंबर तथा उनका व्यवसाय चौकी प्रभारी और कर्मचारी अपने पास दर्ज
करेंगे।
यह भी बताया कि हर चौकी से एक उप निरीक्षक और तेजतर्रार
कांस्टेबल को शामिल कर एसओजी टीम बनाई जाएगी। सभी कांस्टेबल चौकी इंचार्ज
के साथ बैठेंगे। पेशेवर अपराधियों और घटनाओं तथा बरामदगी आदि का ब्योरा
पैरोकार रजिस्टर में दर्ज करेंगे।
होमगार्डों को निर्देश दिया गया
कि वर्दी दुरुस्त और साफ-सफाई के साथ बैठक में उपस्थित रहें। थाना/चौकी
परिसर की सफाई पर खास ध्यान दिया जाए।