डीएम को ज्ञापन देने आए पुलिस आरक्षी भर्ती के अभ्यर्थी।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती-2013 में सफल अभ्यर्थियों को अभी तक नियुक्ति नहीं मिली है। इससे उनमें रोष के साथ ही मायूसी भी है। 4 अभ्यर्थियों ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है। साथ ही चेतावनी दी है कि 10 जून तक नतीजा घोषित न हुआ तो लखनऊ में विधानसभा के सामने प्राण त्याग देंगे।
पुलिस भर्ती को लेकर अभ्यर्थी पूर्व में भी चेतावनी और ऐसे अनुरोध कर चुके हैं। सोमवार को पुन: चार अभ्यर्थियों राजेंद्र प्रजापति, देशराज राजपूत, प्रमोद पाल और महेंद्र कुमार ने सामूहिक हस्ताक्षरों से कलक्ट्रेट में डीएम हीरालाल को चार सूत्री ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन में कहा कि 2013 में 11,786 अभ्यर्थी सफल हुए थे। मेडिकल में भी उत्तीर्ण हो गए थे, लेकिन अभी तक नियुक्ति नहीं मिली।
शासन से लगातार फरियादें करते रहे हैं, पर मायूसी हाथ लगी है। अभ्यर्थियों ने कहा है कि 10 जून तक उनका परिणाम घोषित किया जाए। हाईकोर्ट की रिट के अनुपालन में बुलाए गए 8678 व पूर्व से उपलब्ध मेडिकल पास अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाए। कहा कि 10 जून तक चयन न हुआ या रिजल्ट घोषित न हुआ तो सभी अभ्यर्थी एक साथ लखनऊ में विधानसभा के सामने अपने प्राणों की आहुति देंगे। डीएम ने अभ्यर्थियों को कार्रवाई और न्याय का भरोसा दिलाया।