प्रधानाचार्य कृष्णा औतार चतुर्वेदी को गोली मारने वाले आरोपी दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ नहीं लगे। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए शिक्षक संघों का पुलिस पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। पुलिस ने तीन टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घायल प्रधानाचार्य का कानपुर में इलाज चल रहा है।
बेर्रांव के कैलाशपति इंटर कालेज प्रधानाचार्य को शनिवार को सुबह स्कूल जाते समय दो अज्ञात बाइक सवारों ने पीछे से गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए तीन टीमों का गठन किया है।
कोतवाली प्रभारी पीके सिंह, एसआई देवेंद्र मिश्रा और एसआई टीआर वर्मा के नेतृत्व में यह टीमें बनी हैं। एक टीम ने कानपुर जाकर घायल प्रधानाचार्य से पूछताछ की। दूसरी टीम ने कालेज के अध्यापक और छात्रों से पूछताछ की। बताते हैं कि घटना के दो-तीन दिन पहले प्रधानाचार्य ने किसी छात्र का मोबाइल पकड़ लिया था।
उधर, नकल को लेकर सख्ती की बातें भी चर्चा में हैं। पुलिस इन सारे तथ्यों पर तफ्तीश कर रही है। प्रधानाचार्य श्री चतुर्वेदी ने अदालत के आदेश पर अक्तूबर 2011 में प्रधानाचार्य पद पर ज्वाइन किया था। तब प्रबंध समिति से विवाद था। पुलिस इस दिशा में भी जानकारी कर रही है।