बांदा। आंदोलन के दौरान किसानों की अगुवाई कर रहे बुंदेलखंड किसान यूनियन अध्यक्ष विमल कुमार शर्मा ने शासन और प्रशासन के अफसरों, मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों को जमकर कोसा। उपाध्यक्ष श्रवण कुमार शर्मा भी किसानों को जोश दिलाते रहे।
स्टेशन पर ट्रैक और परिसर पर किसानों द्वारा कब्जे करने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट आरके श्रीवास्तव, अपर एसपी आशुतोष शुक्ल और सीओ सिटी विनोद सिंह यहां आए। किसान नेताओं ने बातचीत की, जो बेनतीजा रही। अंतत: देर शाम मंडलायुक्त एल वेंकटेश्वर लू, डीएम सुरेश कुमार और एसपी राजेंद्र पांडेय भी रेलवे स्टेशन पहुंचे।
किसान नेताओं से बातचीत की। किसान नेताओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन उन्हें सौंपा। आयुक्त ने शीघ्र ही कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसी के बाद किसानों ने रेलवे ट्रैक से धरना हटाया। इस दौरान किसान नेता राजा अरुण कुमार (बांदा), धरम सिंह (महोबा), आत्म प्रकाश (हमीरपुर), लक्ष्मीकांत (महोबा), बाला प्रसाद, शैलेंद्र मिश्रा, अनूप कुमार तिवारी आदि मौजूद रहे।
किसानों के प्रमुख मुद्दे
किसानों के मुद्दे और मांगों में प्रमुख रूप से बुंदेलखंड को अकालग्रस्त घोषित करने, सभी किसानों को 50 हजार रुपया प्रति हेक्टेअर मुआवजा, सभी कर्जों की माफी, बुंदेलखंड किसान आयोग का गठन, कृषि के लिए मुफ्त बिजली व पानी, मुफ्त पांच किलोवाट का सोलर पैनल, कृषि कार्यों को मनरेगा से जोड़कर मूल्यांकन, श्रम मूल्य का भुगतान, किसानों को पेंशन, संकटग्रस्त गांवों में पेयजल व्यवस्था और दैवी आपदा पीड़ितों को पर्याप्त मुआवजा आदि हैं।
बैंक प्रबंधक दर्ज कराएंगे रिपोर्ट
बांदा। कचहरी परिसर स्थित स्टेट बैंक की मुख्य शाखा मेें प्रदर्शनकारी किसानों द्वारा की गई तोड़फोड़ पर बैंक शाखा प्रबंधक पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। शाखा प्रबंधक सिद्धेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कुछ किसानों ने मुख्य शाखा के गेट का शीशा तोड़ दिया। बैंक के अंदर हंगामा किया। बैंक के सीसीटीवी में यह सब रिकार्ड है। इसकी फुटेज और तहरीर पुलिस को देंगे।