बांदा/अतर्रा/ तिंदवारी। मौसम में बदलाव के साथ खेतों में किसानों की चहल-पहल बढ़ गई है। धान के खेतों में जहां किसान कटाई व मड़ाई में जुट गए हैं तो तिंदवारी व जसपुरा ब्लॉक क्षेत्रों में गेहूं की बोआई का दौर शुरु हो गया है।
बीते एक सप्ताह पूर्व हुई बेमौसम बारिश से जिले में मौसम का मिजाज बदल गया था। तीन दिनों तक लगातार हुई बारिश से लोगों को सर्द हवाओं ने परेशान किया था। वहीं अब तेज धूप आमजन को परेशान किए है। सुबह-शाम पड़ रही हल्की ठंडक जहां लोगों को राहत देती है, वहीं दोपहर की तेज धूप अखरती है। मौसम के असामान्य व्यवहार से बीमारों की संख्या में इजाफा हुआ है। उधर बारिश के बाद तेज धूप से खेतों की नमी कम हुई है।
इससे किसानों को राहत मिली है और खेतों में चहल-पहल बढ़ गई है। अतर्रा, नरैनी, बबेरू तहसील क्षेत्राें में धान फसल की कटाई और मड़ाई का दौर शुरु हो गया है। किसान बाबूलाल यादव, कामता साहू, सल्ला रैकवार आदि ने बताया कि बारिश से खेत में तैयार खड़ी व कटी धान की फसल भीगकर सड़ने लगी है। वहीं खेतों में पानी भरने से गेहूं की बोआई भी समय पर नहीं हो पा रही। वहीं तिंदवारी, जसपुरा आदि क्षेत्रों में गेहूं की बोआई के लिए किसान खेत तैयार करने में जुटे हुए हैं।
किसान अनिल यादव, विमल द्विवेदी, परजीवन, विकास, अभय प्रताप आदि ने बताया कि गेहूं के लिए खेतों में बोआई का कार्य तेज हो गया है। इसके साथ ही किसान मटर व चना की बोआई भी कर रहे हैं।
-
राजकीय भंडार से किसानों को नहीं मिल रहे बीज
तिंदवारी। राजकीय बीज भंडार से किसानों को गेहूं का बीज नहीं मिल रहा। गोदाम में तैनात प्रभारी किसानों को रोजाना कोई न कोई कारण बताकर रवाना कर देते हैं। यह आरोप बीज भंडार में मौजूद गोरेलाल, शिवकुमारी, शेषनारायण, इंद्रजीत, अनिरुद्ध आदि ने लगाते हुए बताया कि मौसम साफ होने के बाद गेहूं की बोआई का दौर शुरु हो गया है लेकिन बीज गोदाम से बीज नहीं मिल रहे। कहा कि एक सप्ताह से रोजाना कोई न कोई कारण बताकर वापस कर दिया जाता है।
वहीं जब समस्या पर गोदाम प्रभारी संजय से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने न तो फोन उठाया और न ही कार्यालय पहुंचने पर दरवाजा खोला। इस संबंध में जिला कृषि अधिकारी संजय सिंह ने कहा कि भंडारों में बीज की कोई कमी नहीं है। सभी किसानों को गेहूं सहित उनकी मांग के अनुरूप बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। (संवाद)
इस समय गेहूं, चना, मटर, मसूर, सरसों आदि जैसी प्रमुख रबी फसलों की बोआई चल रही है। जिसके लिए बीज का आवंटन कर दिया गया है। किसानों को 50 फीसदी अनुदान पर बीज उपलब्ध है। जनपद के राजकीय कृषि बीज भंडारों पर 75.43, चना 4882.40, मटर 703.20, मसूर 189.60, जौ 28, गेहूं 5000 क्विंटल बीज उपलब्ध है। किसान को दो हेक्टेयर क्षेत्रफल तक के लिए बीज का लाभ ले सकता है।
- अभय यादव, उप निदेशक कृषि
फोटो - 28 तिंदवारी में गेहूं की बोआई के लिए खेत तैयार करते किसान। संवाद