बांदा। बंटवारे के विवाद में मां से बेटे ने मारपीट कर दी। थाने में शिकायत करने पर बेटे ने फंदा लगाकर जान दे दी।
पैलानी थाना क्षेत्र के पैलानी डेरा गांव निवासी विनय यादव (25) ने रात में किसी समय घर से 100 मीटर की दूरी पर लगे नीम के पेड़ से रस्सी से फंदा लगा लिया। मंगलवार की सुबह उसका मामा हमीरपुर निवासी राधेश्याम यादव खेत गए तो नीम के पेड़ से उसे लटका देखा। तब परिजनों को जानकारी हो सकी।
पिता बाबूलाल ने बताया कि उसके दो पुत्र विनय व राधेश्याम हैं। दो मंजिला मकान है। ऊपर के खंड में बड़ा पुत्र विनय अपनी पत्नी कल्पना और दो पुत्र एक पुत्री के साथ रहता है। मकान के नीचे के हिस्से में छोटा पुत्र राधेश्याम अपनी गर्भवती पत्नी पूनम व एक बेटी के साथ रहते हैं। दस दिन से विनय व उसकी पत्नी घर और खेती के बंटवारे को लेकर विवाद कर रहे हैं।
छह दिन पहले बेटा-बहू ने बंटवारे को लेकर मारपीट की थी। सोमवार को जब वह काम से बांदा आया हुआ था तब घर में मां सिद्धकुमारी के साथ उन्होंने मारपीट की। सिद्ध कुमारी ने फोन पर उसे जानकारी दी तो उसने पैलानी थाने में बेटा-बहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा। पत्नी ने सोमवार को थाने में शिकायती पत्र दिया था। शाम को पुलिस भी पूछताछ के लिए पहुंची और मंगलवार को थाने आने की बात कहकर लौट गई। उधर, विनय के मामा राधेश्याम भी आ गए थे। घर में समझौता की बात चल रही थी। पिता ने बताया कि रात में पंचायत के दौरान विनय ने नशा कर लिया। नशे में कलह के चलते उसने फंदा लगाकर जान दी है।
थानाध्यक्ष पैलानी आनंद कुमार ने बताया कि मृतक विनय के घर में बंटवारे का विवाद चल रहा था। घर में पंचायत भी हुई थी। मां को पीटने की शिकायत पर मंगलवार को उन्हें थाने भी बुलाया गया था। रात में उसने नशे में फंदा लगा लिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।