बांदा। कोतवाली नगर क्षेत्र के मवई बुजुर्ग गांव में सोमवार की रात देवी प्रसाद के पुत्र विनोद कुमार ने गमछा से पंखे के हुक में फांसी लगा ली। मंगलवार को सुबह मां देवरती ने शव लटका देखा तो फंदे से उतारा। सूचना पर आई पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता ने बताया कि विनोद अविवाहित और तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। देर रात तक मोबाइल चलाने पर मां ने डांट दिया था। बड़ा भाई अखिलेश कुमार कदौरा (उरई) में कांस्टेबल है। पिछले माह 20 अप्रैल को उसकी शादी हुई थी। घटना वाले दिन भाभी प्रियंका और बहन प्रीति से हंसी-ठिठोली करता रहा। फिर सोने की बात कहकर कमरे में चला गया था। (संवाद)