फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banda News: गुरेह गांव की बिजली बहाल नहीं हुई तो ग्रामीणों ने पेड़ डालकर लगाया जाम

Thu, 04 Jun 2026 11:43 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
विज्ञापन
बांदा-बबेरू मार्ग पर पेड़ डालकर जाम लगाए ग्रामीण। संवाद
विज्ञापन
बांदा। बीती 28 मई को 70 से 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आई आंधी ने बिजली व्यवस्था को खासी प्रभावित किया है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर फूंकने और केबलों के टूटने से बिजली व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट पा रही है। बांदा मुख्यालय से पांच किमी दूर स्थित गुरेह गांव में भी आंधी से बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी है। इस पर गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सुबह तकरीबन 10 बजे उन्होंने बांदा-बबेरू मार्ग पर पेड़ डालकर जाम लगा दिया। जाम तकरीबन दो घंटे तक चला। दोनों तरफ रोडवेज और प्राइवेट बसें फंस गईं। यात्री गर्मी में परेशान हुए। बाद में बांदा से पहुंचे नायब तहसीलदार और देहात कोतवाली प्रभारी ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। तब यातायात बहाल हो सका।
विज्ञापन




28 मई को आई भीषण आंधी से गुरेह गांव में लगे 100 केवीए के दो व 25 केवीए के दो, 200 मीटर बंच केबल, 11 केवी के डॉक कंडक्टर फूंक गए थे। 25 बिजली के पोल भी गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए थे। इससे यहां की बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी है। सात दिन से गुरेह गांव में रह रहे तकरीबन 250 मकानों में बिजली नहीं आई। इसको लेकर गुरेह गांव के ग्रामीणों संतोष, रामसिंह, अजय पटेल, योगेंद्र पाल, शुभम पटेल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर बिजली व्यवस्था बहाल किए जाने की मांग की थी।



उधर, बिजली व्यवस्था बहाल न किए जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को सुबह तकरीबन 10 बजे बांदा-बबेरू मार्ग पर पेड़ डालकर जाम लगा दिया। इससे बबेरू की ओर जाने वाली रोडवेज और प्राइवेट बसें जाम में फंस गईं। जाम तकरीबन दो घंटे तक चला। इस बीच सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार धनंजय व देहात कोतवाली प्रभारी चंद्रप्रकाश तिवारी मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने गांव की वर्तमान स्थिति को देखा और समझा-बुझाकर जाम को खुलवाया। जाम में बबेरू से प्रयागराज को जाने वाले यात्री बसों से उतरकर सड़क पर खड़े रहे।
विज्ञापन




बोले ग्रामीण, बच्चों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था और सिंचाई सब बाधित



बांदा। गुरेह गांव के संतोष, राम सिंह, अजय पटेल, योगेंद्र पाल, शुभम पटेल आदि ने बताया कि एक सप्ताह से बिजली न आने से बच्चों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था और सिंचाई पूरी तरह से बाधित है। दिनचर्या गड़बड़ा रही है। रात में नींद पूरी नहीं हो रही है। भीषण गर्मी के मौसम में बहुत कष्ट से दिनचर्या गुजर रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग को कई बार मौखिक और लिखित सूचना दी गई, लेकिन न कोई टीम मौके पर आई और न ही बिजली व्यवस्था में कोई सुधार किया गया है। (संवाद)



आंधी से बड़ी तादाद में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े गांवों और मजरों में ट्रांसफार्मर, बंच केबल, बिजली पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। पावर कॉर्पोरेशन को लिखा-पढ़ी की गई है। नए ट्रांसफार्मर और बंच केबल आने पर बिजली व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। गुरेह गांव में भी काम चल रहा है। जल्द ही बिजली व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।



राजीव रंजन



अधिशाषी अभियंता, विद्युत वितरण खंड नगरीय, बांदा।



बिजली न आने से आक्रोशित गांव वालों ने जाम लगाने का प्रयास किया था। उन्हें समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया है। पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों से बात करके बिजली व्यवस्था को बहाल किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।



धनंजय



नायब तहसीलदार, बांदा।



जाम की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे, पुलिस कर्मियों की मदद से पेड़ को सड़क से हटाकर मार्ग खुलवा दिया है। ग्रामीणों से बात की गई है। पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है।



चंद्रप्रकाश तिवारी



देहात कोतवाली प्रभारी।

बांदा-बबेरू मार्ग पर पेड़ डालकर जाम लगाए ग्रामीण। संवाद

बांदा-बबेरू मार्ग पर पेड़ डालकर जाम लगाए ग्रामीण। संवाद

बांदा-बबेरू मार्ग पर पेड़ डालकर जाम लगाए ग्रामीण। संवाद

बांदा-बबेरू मार्ग पर पेड़ डालकर जाम लगाए ग्रामीण। संवाद

बांदा-बबेरू मार्ग पर पेड़ डालकर जाम लगाए ग्रामीण। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें