फोटो-33- मिल्क कलेक्शन सेंटर में जांच करने पहुंची एफएसडीए की टीम। स्रोत: एफएसडीए
बांदा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को जिले में औचक निरीक्षण कर अनधिकृत मिल्क कलेक्शन सेंटर बंद कराया।
बेसन निर्माणशाला में घुन और कीड़े मिलने पर सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया। महोखर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में मिडडे मील के छह नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय जयप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने तिंदवारी में राज मिल्क प्रोडक्ट बिंदकी की ओर से संचालित मिल्क कलेक्शन सेंटर का निरीक्षण किया। यहां दूध का नमूना लेकर सेंटर बंद करने का नोटिस दिया गया।
इस कलेक्शन सेंटर का पंजीयन नहीं था। बिजलीखेड़ा स्थित ऑनलाइन जियो रिलायंस स्टोर में कमियां मिलने पर उन्हें जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए।
मलेहरा निवादा स्थित इंदु प्रतिभा प्राइवेट लिमिटेड की निर्माणशाला में बेसन बनता मिला। टीम ने खुले और पैक्ड बेसन के नमूने लिए। परिसर में घुन और कीड़े मिलने पर फर्म को सुधार नोटिस जारी किया।
महोखर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए छह नमूने लिए गए। साथ ही रसोइयों को स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता बनाए रखने का प्रशिक्षण दिया गया। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।