फोटो-2- गांव सोनरही के प्राथमिक विद्यालय में भरा बारिश का पानी। संवाद
तिंदवारी। लगातार हुई बारिश से गांव सोनरही स्थित प्राथमिक विद्यालय का परिसर जलमग्न हो गया था। अब भी परिसर में पानी भरा हुआ है।
विद्यालय के कई कमरों में बारिश का पानी भरने से करीब 70 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बच्चे और शिक्षक परेशान हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के बाद ग्राम प्रधान ने पंपसेट लगाकर पानी निकलवाने का प्रयास किया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। अभिभावकों ने बताया कि विद्यालय में रखा बच्चों का जरूरी रिकॉर्ड भी पानी भरने से खराब हो गया है।
कई बार उच्च अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यालय से पानी निकलवाकर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।