बबेरू/कमासिन/ओरन। जनपद के 38 गांवों में 28 जून से घरों में जलापूर्ति की जाएगी। इसके लिए 474 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। यह बात प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को खटान पेयजल योजना निरीक्षण के दौरान कही। हर घर नल योजना प्रधानमंत्री की देन है।
मंत्री के साथ जल शक्ति मंत्रालय के ही राज्यमंत्री रामकेश निषाद भी थे। दोनों ने खटान पेयजल योजना का भ्रमण कर यमुना नदी किनारे इंटेकवेल, वाटर डेम, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट आदि का निरीक्षण किया। प्रोजेक्ट मैनेजर अजीत व्यास ने बताया कि 58 गांवों में 474 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। जनरेटर व्यवस्था पूरी हो गई है। मंत्री ने कार्य पर संतोष जताते हुए कहा कि लोगों को घर बैठे साफ-सुथरा पानी मुहैया कराना सरकार की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान सांसद आरके सिंह पटेल, विधायक ओममणि वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, बबेरू नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाल सिंह सहित प्रदीप मिश्रा, ऊधौ परिहार, धनंजय करवरिया, कमल द्विवेदी, विवेकानंद गुप्त, राहुल देव, सुनील वर्मा आदि शामिल रहे। विशेश्वर पांडेय सहित कई कार्यकर्ताओं ने मंत्रियों का स्वागत किया।
बबेरू में ब्लॉक प्रमुख रमाकांत पटेल सहित कार्यकर्ताओं ने मुख्य चौराहे पर मंत्रियों का स्वागत किया और स्मृति चिह्न दिए। पूर्व विधायक चंद्रपाल कुशवाहा, नगर पंचायत अध्यक्ष, विश्व हिंदू महासंघ जिलाध्यक्ष शिवविलास शर्मा, मधु गुप्ता, रामप्रकाश साहू, विजय विक्रम सिंह, रामनरेश, राजा दीक्षित आदि शामिल रहे।
ओरन में बुंदेली भूजल पंचायत में कैबिनेट और राज्य मंत्रियों ने कहा कि अब बुंदेलखंड में पानी की कमी नहीं रहेगी। भाजपा सरकारें यहां के लिए लगातार काम कर रही हैं। मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह और डीएम अनुराग पटेल ने दोनों मंत्रियों का स्वागत किया और जल वर्षा रोकने के लिए तालाब और खेत में मेड़ बनाने पर जोर दिया। मंत्री ने यहां जल योद्धाओं को प्रशस्ति पत्र आदि देकर सम्मानित किया। संचालन उमाशंकर पांडेय द्वारा किया गया। कार्यक्रम आयोजक राजेश द्विवेदी ने सभी का आभार जताया। पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, जिलाध्यक्ष संजय सिंह, अशोक त्रिपाठी जीतू, रमाकांत त्रिपाठी, ओम तिवारी, गोरेलाल द्विवेदी, आरिफ खां, अजित गुप्ता, पतराखन सिंह सहित क्षेत्रीय विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष आदि मौजूद रहे।
भाजपा का भविष्य तैयार कराना हमारा लक्ष्य
बांदा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और काबीना मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि अब उनके सामने सबसे महत्वपूर्ण काम भाजपा का भविष्य तैयार करना है। भविष्य के योगी-मोदी बनाकर प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता कोष और कार्यालय भाजपा के स्तंभ हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने रविवार को सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों आदि के साथ बैठक की। उनसे सुझाव लेकर नोट किए। जल संचयन के लिए प्रेरित किया। अशोक त्रिपाठी जीतू, जगराम सिंह चौहान, धर्मेंद्र त्रिपाठी, ब्रजेश सिंह, विवेकानंद गुप्त आदि ने सुझाव दिए। अध्यक्ष संजय सिंह, विधायक ओममणि वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, बुंदेलखंड विकास बोर्ड उपाध्यक्ष अयोध्या सिंह पटेल, इंद्रपाल सिंह पटेल, संतोष कुमार गुप्ता, लवलेश सिंह, अखिलेश दीक्षित, कल्लू राजपूत, संजीव निगम नीलू, ममता मिश्रा, वंदना गुप्ता, आनंद स्वरूप द्विवेदी, भूरेलाल फौजी, शैलेंद्र जायसवाल, डा.मनीष गुप्ता, संतू गुप्ता आदि उपस्थित रहे।