बांदा। मानसूनी बारिश के बाद केन व यमुना नदी के जलस्तर स्थिर है। दोनों नदियां अभी खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही हैं, लेकिन संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तटवर्ती गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। जलस्तर पर सिंचाई विभाग और प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए हैं।
सिंचाई विभाग प्रखंड तृतीय के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार के अनुसार मंगलवार को भूरागढ़ में केन नदी का जलस्तर 93.67 मीटर और यमुना नदी का जलस्तर 85.47 मीटर दर्ज किया गया। केन नदी का खतरे का निशान 104 मीटर और यमुना का 100 मीटर निर्धारित है।
वर्तमान में दोनों नदियां सामान्य स्थिति में हैं और खतरे से काफी नीचे बह रही हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नदी किनारे बसे गांवों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि यदि पानी और बढ़े तो समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।