बबेरू। कस्बे के औगासी रोड मोहल्ले में पिछले एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लेवासियों ने जल्द जलापूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
मोहल्ला निवासी अनंत तिवारी, अरविंद गुप्ता, भोला कुमार, विजय और राहुल ने बताया कि उनके क्षेत्र में विसरा खेड़ की पानी की टंकी से जलापूर्ति की जाती है। पिछले एक सप्ताह से पानी की सप्लाई बंद है, जिससे पेयजल का गंभीर संकट पैदा हो गया है। मजबूरी में लोगों को हैंडपंप के सहारे पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को समस्या से अवगत कराया गया लेकिन अब तक जलापूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जल्द समस्या का समाधान कर नियमित पानी की आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।