वाशिंग मशीन का कंप्रेशर फटने के बाद शार्ट सर्किट की चिंगारी ने घर में आग लगा दी। लाखों रुपये की गृहस्थी और फर्नीचर जल गया। घर में रखी आतिशबाजी भी जल गई। पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड के आने से पहले ही आग काबू पा लिया।
बृहस्पतिवार को सुबह मर्दन नाका निवासी मोहर्रम कमेटी उपाध्यक्ष मोहम्मद अजीज उर्फ अज्जन नेता के घर महिलाएं वाशिंग मशीन पर कपड़े धो रही थीं। मशीन चलती छोड़कर कुछ देर के लिए दूसरे कमरे में चली गईं। इसी बीच शार्ट सर्किट से मशीन कर कंप्रेशर फट गया और आग लग गई। नजदीक रखा फर्नीचर और गृहस्थी का सामान जल गया।
कुछ आतिशबाजी भी जलने से धूम-धड़ाका भी हुआ। गृहस्वामी अज्जन ने बताया कि बारहवफात के लिए लाई गई आतिशबाजी में कुछ बच गई थी वही इक्का-दुक्का पटाखे जल गए। आस पास के पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस बीच तमाशाइयों की भारी भीड़ जमा हो गई।
बाद में फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई। कोतवाली नगर के एसएसआई कृष्णबीर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। सपा नेता व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शकील अली व हसन सिद्दीकी ने भी मौके पर आकर गृहस्वामी से हमदर्दी जताई।