बांदा। वार्ड ब्वाय की कारगुजारी के खिलाफ एनएबीएच कर्मचारी लामबंद हो गए। कर्मचारियों ने पहले तो अस्पताल गेट पर प्रदर्शन किया, फिर सीएमएस और डीएम को ज्ञापन देकर बेमियादी हड़ताल पर चले गए। इनका कहना है कि जब तक वार्ड ब्वाय के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, हड़ताल जारी रहेगी।
जिला अस्पताल में तैनात शैलेंद्र सिंह के मुताबिक वह शुक्रवार की रात ड्यूटी पर था। आरोप लगाया कि रात करीब 11 बजे वार्ड ब्वाय छोटेलाल नशे मेें धुत होकर आ धमका और बिना किसी बात के उसका कालर पकड़कर जान से मारने की धमकी दी। शैलेंद्र का कहना है कि पहले भी वह नशे की हालत में नर्सिंग रूम में आकर बदसलूकी कर चुका है। इसकी शिकायत सीएमएस और अस्पताल के मैनेजर से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
एक अन्य वार्ड ब्वाय अमित कुमार पांडेय को भी प्रताड़ित किया। इस घटना से आक्रोशित एनएबीएच मेें सभी तैनात 33 महिला-पुरुष कर्मचारी लामबंद होकर शनिवार से हड़ताल पर चले गए। इनमें वार्ड ब्वाय, लैब टेक्नीशियन, एक्सरे टेक्नीशियन भी शामिल हैं। कर्मियों का कहना है कि दोषी कर्मचारी पर कार्रवाई न होने तक हड़ताल पर रहेेंगे।
हड़ताली कर्मचारियों में स्टाफ नर्स शैलेंद्र सिंह, रमेश कुमार पांडेय, मणि शंकर, सत्येंद्र सिंह, सुनील दत्त, पूजा कुशवाहा, पूजा गुप्ता, रिचा त्रिवेदी, मिथलेश, अनुज कुमार और वार्ड ब्वाय जितेंद्र सोनी, संदीप कुमार, अखिलेश, संजय, आनंद कुमार और सुशील कुमार आदि शामिल हैं। उधर, अचानक हड़ताल से मरीजों को भारी असुविधा हुई। तमाम गंभीर मरीज भी इलाज के लिए भटकते और तरसते रहे।
एनएबीएच की जिला प्रबंधक मुबीना खान ने बताया कि वे लखनऊ में हैं। कर्मचारी से वार्ड ब्वाय की बदसलूकी मामले में सीएमएस से फोन पर बात की है। लौटकर इस मामले को देखेंगी। उधर, प्रभारी सीएमएस डॉ. आरके गुप्ता ने कहा कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।